डीडीहाट जिले की मांग को आमरण अनशन में बैठे आंदोलनकारियों को अस्पताल ले जाती पुलिस।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जिला बनाने की मांग के लिए आठ दिनों से आमरण अनशन कर रहे पंकज खड़ायत और तीन दिन से आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारी योगेश कन्याल को उठाकर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। अब एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष अजय अवस्थी और पूर्व सैनिक खड़क सिंह बोरा अनशन पर बैठे हैं।
जिला बनाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एक अक्तूबर से रामलीला मैदान में आमरण अनशन किया जा रहा है। इसमें अभाविप के जिला सह संयोजक पंकज खड़ायत आठ दिन और दूसरे अनशनकारी योगेश कन्याल तीन दिन से आमरण अनशन कर रहे थे। इस कारण उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही थी। दोनों को बुखार की शिकायत होने लगी थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार दोनों से अनशन समाप्त करने को कह रही थी।
स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी है। थानाध्यक्ष हिमांशु पंत के नेतृत्व में दोपहर दो बजे अनशन स्थल पहुंची और उन्होंने अनशनकारी पंकज और योगेश को जबरन उठाकर अस्पताल पहुंचा दिया। इससे पूर्व दीपावली के दिन दोनों आमरण अनशनकारियों के साथ कई संगठनों ने रामलीला मैदान में ही दिए जलाकर दीपावली मनाई।
दोनों आमरण अनशनकारियों को उठाते ही पूर्व सैनिक खड़क सिंह बोरा और एनएसयूआई के अध्यक्ष अजय अवस्थी आमरण अनशन में बैठ गए। जिला बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक लवि कफलिया ने बताया कि सात नवंबर को डीडीहाट पहुंच रहे सीएम पुष्कर सिंह धामी से डीडीहाट के लोगों को जिला गठन की उम्मीद है।