पिथौरागढ़-वड्डा मार्ग पर कासनी के पास रविवार को एक निजी कंपनी का पानी का टैंकर पलटने से चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल गणेश सिंह सामंत ने बताया कि सेना के आवासीय भवनों का निर्माण करा रही वीरेंद्रा कंपनी में चालक पद पर तैनात श्रवण कुमार (35) निवासी सुपौल बिहार रविवार दोपहर गुरना से टैंकर में पानी भरकर ला रहे थे। वड्डा रोड पर कासनी से आगे तीव्र ढलान पर टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। श्रवण कुमार की टैंकर के अंदर ही दबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी में काम करने वाले अन्य मजदूर और अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से टैंकर में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। कोतवाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के लिए कंपनी के अधिकारियों से कह दिया गया है। बताया गया है कि श्रवण तीन महीने से यहां काम पर था।