पिथौरागढ़। व्हाट्सअप पर रक्षामंत्री की हत्या की बात करने वाले एक आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस दूसरे आरोपी की शीघ्र ही गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
रविवार रात व्हाट्सअप के एक ग्रुप पर रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण के धारचूला कार्यक्रम के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी की पोस्ट पर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने एक आरोपी बंगापानी के मुवानीदवानी मनकोट निवासी कमल धानिक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था।
मंगलवार को उसे जांच अधिकारी निरीक्षक भीम भाष्कर आर्य ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। निरीक्षक आर्य ने बताया कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।