पिथौरागढ़। एक युवक ने भरे बाजार एक महिला के गले में ब्लेड से हमला कर दिया। इस हमले में महिला की गर्दन, हाथ में ही ब्लेड से गहरे घाव हो गए। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। हमलावर युवक दिव्यांग बताया जा रहा है। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
मामले के अनुसार कुमौड़ निवासी महिला चंदू महर मंगलवार शाम जिला अस्पताल की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीड़भाड़ वाले गांधी चौक पर एक युवक ने उनकी गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। महिला के गले और हाथ में घाव हो गए। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस हमलावर युवक को कोतवाली ले गई, जबकि घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज किया गया।
महिला के गले में चार टांके आए हैं। हमले में घायल महिला के देवर प्रदीप महर ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि महिला पर ब्लेड से हमला करने वाले युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। युवक के परिजनों को बुलाया गया है।