मदकोट (पिथौरागढ़)। दुल्हन को ससुराल पहुंचाने आए चाचा की खाई में गिरकर मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, चाचा की मौत से दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई।
वल्थी निवासी राजेंद्र राम के पुत्र कृष्णा कुमार की बारात 17 अप्रैल को घट्टाबगड़ गई थी। विवाह की रस्म पूरी होने के बाद परंपरा के अनुसार दुल्हन निर्मला के चाचा नारायण राम (35) पुत्र मोती राम उसे छोड़ने वल्थी आए। बारात एक दिनी थी। 18 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे नारायण राम अपने घर घट्टाबगड़ लौट रहे थे। वह अभी दूल्हे के घर से मात्र 100 मीटर आगे पहुंचे ही थे कि पैर फिसलने से वह 50 मीटर गहरी खाई में गिर गए। नारायण के खाई में गिरने की सूचना पर वल्थी के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
लोगों ने घटना की जानकारी मदकोट पुलिस चौकी को दी। देर शाम मदकोट पुलिस चौकी प्रभारी प्रियांशु जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय में शव का पोस्टमार्टम हुआ। नारायण की मृत्यु से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। नवविवाहिता की ससुराल के लोग भी गमगीन हैं।