मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। ग्राम पंचायत गैला में बुधवार को हुई खुली बैठक में ग्रामीण लक्ष्मण सिंह झैक्वाल की पिटाई कर दी गई। घायल लक्ष्मण सिंह का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। लक्ष्मण सिंह ने थाने में प्रधान पति देवेंद्र सोरागी और उनके दोस्त गोविंद सोरागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कहा है कि खुली बैठक में ग्राम प्रधान रजनी देवी मौजूद नहीं थी। उनके पति ही बैठक की कार्रवाई को निपटा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार प्रधान पति राजकीय प्राथमिक स्कूल सेरा में शिक्षक भी हैं। थाना प्रभारी रोहतास सागर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्दी ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मण सिंह के अनुसार बुधवार सुबह जैसे ही ग्राम पंचायत की खुली बैठक शुरू हुई तो प्रधान पति देवेंद्र सोरागी खुद ही रजिस्टर में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के प्रस्ताव लिखने लगे। जब लक्ष्मण सिंह समेत अन्य लोगों ने रजिस्टर में लिखे गए प्रस्तावों की जानकारी मांगी तो प्रधान पति बौखला गए और उन्होंने अपने दोस्त गोविंद सोरागी के साथ मिलकर लक्ष्मण सिंह की पिटाई कर दी। बैठक में करीब 25 लोग मौजूद थे।
मारपीट के बाद बैठक में हंगामा हो गया। गांव के लोग बैठक छोड़कर चले गए, जबकि मारपीट में घायल लक्ष्मण सिंह को गांव के कुछ लोग अस्पताल लेकर आए। लक्ष्मण सिंह की आंख और हाथों में गंभीर चोट है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले की जांच कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।