पिथौरागढ़। कारों में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर हरियाणा में बनी शराब लेकर आ रहे पांच लोग बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गए। यह लोग तीन कारों में 1508 बोतल शराब रखकर ला रहे थे। तीनों कारें जब्त कर ली गई हैं और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी अजय जोशी ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस की टीम टनकपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। तभी तीन कारों को संदेह होने पर रोका गया। एक कार जिसमें यूके 04 वाई-0753 नंबर लगा था, उसमें 597 बोतल शराब मिली। इस कार का वास्तविक नंबर एचआर 56 बी-7068 था। दूसरी कार जिसमें यूके 04 ए-0763 नंबर लगा था, उसमें 372 बोतल शराब मिली। इसका वास्तविक नंबर एचआर 20 एसी-6289 था। तीसरी कार में हरियाणा का ही नंबर एचआर 70 बी-8954 था, उसमें 539 बोतल शराब मिली।
कारों में सवार जिंद हरियाणा निवासी संदीप कुमार, कुरुक्षेत्र हरियाणा निवासी मोनू सिंह, कैथल हरियाणा निवासी रामकरण, कुरुक्षेत्र हरियाणा निवासी सोनू सिंह और कुरुक्षेत्र हरियाणा के विनोद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली है कि स्थानीय शराब तस्करों की इन लोगों के साथ सांठगांठ है। पकड़ी गई शराब की कीमत छह लाख रुपये आंकी गई है।
शराब पकड़ने वाली टीम में कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक किशोर पंत, अनिल कुमार, घाट चौकी के कांस्टेबल हेमंत पंत, राजेंद्र और ऐंचोली चौकी के कांस्टेबल जगदीश पुजारी, पंकज पंगरिया, मेघा चंद, हरीश जोशी शामिल थे। एसपी ने शराब पकड़ने वाली पुलिस टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।