साइबर क्राइम वालों की नजरें सीमांत जिला पिथौरागढ़ पर भी गढ़ गई हैं। अब तक नैनीताल में इस तरह के मामले सामने आ रहे थे, लेकिन सीमांत जिले में भी भारतीय स्टेट बैंक के खाते से पैसे निकालने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। भारतीय सेना में जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में कार्यरत मेजर देवेश सिंह ऐरी के पिथौरागढ़ भारतीय स्टेट बैंक में स्थित खाते से तीन दिन के भीतर एक लाख 80 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। मेजर ऐरी यूकेडी के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी के बेटे हैं।
मेजर ऐरी ने कोतवाली प्रभारी को ई-मेल के जरिए रिपोर्ट लिखा दी है। साथ ही एफआईआर की एक प्रति पुलिस अधीक्षक को दी है। बताया गया है कि साइबर क्राइम वालों ने एक मार्च को 60 हजार रुपये की निकासी कर ली। उसके बाद लगातार रुपये निकलते रहे। देवेश ने रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि खाता भारतीय स्टेट बैंक की पिथौरागढ़ शाखा का है, लेकिन एटीएम उनके पास तैनाती स्थल पुंछ में सुरक्षित रखा है। यूकेडी नेता ऐरी ने भी इस मामले में एसपी से फोन पर बात की है।
उन्होंने कहा कि बैंक खातों से इस प्रकार धनराशि का निकलना गंभीर चिंता का विषय है और पुलिस को इसकी तह तक जाना चाहिए। पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने कहा है कि सेना के अधिकारी के बैंक खाते से पैसा निकलने के मामले की जांच स्पेशल टास्क फोर्स को सौंपी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को भी सजग होकर एटीएम का प्रयोग करना होगा। साथ ही यह चेक करना होगा कि किसी ने एटीएम में कोई डिवाइस तो नहीं लगा रखी है। ताजा मामले से बैंक खाताधारकों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।