चंपावत। विशेष सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) अनुज कुमार संगल की अदालत ने नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में दंपती को दोषी करार दिया है। अदालत ने दोनों को 25-25 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही, दोनों पर कुल 2.10 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है जिसे अदा न करने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
मामले के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को बनबसा थाने में महिला ने तहरीर दी थी कि उनके परिचित इसाक अहमद (39) और उसकी पत्नी मुस्कान (26) निवासी पचौरिया, चकरपुर (ऊधमसिंह नगर) पांच जनवरी को उनकी दो नाबालिग पुत्रियों को अपने घर ले गए थे। नौ जनवरी को जब बच्चियां वापस लौटीं तो करीब 15 दिन बाद उन्होंने आपबीती बताई।
आरोप था कि पति ने बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया जबकि पत्नी ने पति के इस कृत्य में उसका साथ देकर मामले को छिपाया। आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पॉक्सो अधिनियम और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर 18 अप्रैल को अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत ने बीएनएस की धारा 351(2) में दो-दो वर्ष का साधारण कारावास और पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड, पॉक्सो अधिनियम की धारा 4(2) में 25-25 वर्ष का कठोर कारावास, 50-50 हजार अर्थदंड और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 में 25-25 वर्ष का कठोर कारावास, 50-50 हजार अर्थदंड लगाया।