पिथौरागढ़। नगर में कूड़ा निस्तारण के लिए पालिका ने जगह-जगह कूड़ेदान लगाए गए हैं। इसके बावजूद अधिकतर स्थानों पर लोग कूड़ेदानों का उपयोग न कर सड़क या अन्य जगह कूड़ा फेंक रहे हैं। इससे गंदगी फैल रही है। शहर की स्वच्छता के लिए सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। कूड़ेदानों का उपयोग न कर गंदगी फैलाने वालों को थोड़ी तो गैरत (शर्म) महसूस करनी ही चाहिए। रविवार को पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने नगर के वार्डों का निरीक्षण कर गंदगी करने वालों से ही सफाई कराई। कहा किकूड़ेदान में कूड़ा नहीं डालने वालों से सफाई कराई जाएगी।
रविवार को ईओ दीपक गोस्वामी ने विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। सर्वप्रथम रई पुल के पास दो कूड़ेदान होने के बावजूद लोगों को पुल से नीचे कूड़ा फेंकते पाया। उन्होंने लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण मित्रों के माध्यम से पुल के नीचे सफाई करवाई। इसी स्थान से थोड़ा आगे एक दुकान के आगे कूड़ा मिला। एकत्रित कूड़े को उस दुकानदार के माध्यम से ही साफ करवाया गया। निरीक्षण के दौरान सरकारी अस्पताल के निकट मेडिकल स्टोर का एकत्र किया गया कूड़ा मिला। ईओ ने संबंधित मेडिकल स्टोर के मालिक से अपने सामने ही सफाई करवाई।
इसके बाद पालिका की टीम ने वार्ड धनौड़ा, दौला, भाटकोट, लिंठ्यूड़ा, सेरा पुनेड़ी, चंडाक, बजेटी में पैदल निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को देखा। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्ड वासियों ने संतोषजनक फीडबैक दिया। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ये देखना था कि नगर क्षेत्र के अंतर्गत पालिका कर्मी नियमित रूप से सफाई कर रहे हैं या नहीं। इस दौरान पर्यावरण पर्यवेक्षक विकास कुमार, रोहिताश कुमार, रिंकू राजपूत उपस्थित रहे।