पिथौरागढ़। गैस एजेंसी, इंश्योरेंस, शेयर मार्केट के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले पांच आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया है। मामले में शिकायत करने वाली महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से वे इन लोगों के खिलाफ पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने इस मामले में महिला आयोग, पुलिस महानिरीक्षक और अनुसूचित जाति आयोग से पत्राचार किया तब पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस से पांचों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पिथौरागढ़ निवासी लक्ष्मी देवी और सरिता देवी ने पांच लोगों पर गैस एजेंसी, इंश्योरेंस, शेयर मार्केट के नाम पर कई लोगों से करीब दो सौ करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी धर्मेश जोशी, भुवन चंद्र जोशी, प्रकाश जोशी, जगदीश पुनेठा और जगदीश बोरा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 506 में मुकदमा पंजीकृत कर दिया है। एसएसआई महेश चंद्र का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं का कहना है कि लोगों के पैसों का गबन करने के बाद ये पांचों लोग परिवार सहित लापता हो गए हैं। उन्होंने आरोपियों को पकड़कर कड़ी कारवाई की मांग की है।
खून पसीने की गाढ़ी कमाई वापस दिला दो साहब...
पिथौरागढ़। पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देने वाली महिलाओं का कहना है कि कई लोगों के दो सौ करोड़ रुपये गबन करने वाले आरोपियों ने उन्हें अच्छा ब्याज देने का लालच देकर झांसे में लिया। उन्होंने मेहनत की कमाई वापस दिलाने की गुहार लगाई है। आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर वे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
महिलाओं का कहना है कि मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने इस मामले में पहले न तो जांच की न ही मुकदमा दर्ज किया। उनका कहना है कि ठगी का शिकार होने वालों में अधिकतर नौकरीपेशा, पेंशन भोगी, सेवानिवृत्त कर्मी और महिलाएं शामिल हैं। उनका कहना है कि ये लोग ठगी करने के बाद परिवार सहित जिले से बाहर भाग गए हैं। महिला लक्ष्मी देवी और सरिता देवी का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ये लोग भविष्य में हमारे बच्चों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। उन्होंने इन लोगों क खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।