पिथौरागढ़ । उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा आज से शुरू हो जाएंगी। पहले दिन इंटर मीडिएट की ड्राइंग एवं पेंटिंग की परीक्षा संपन्न होगी। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है।
जनपद में 85 केंद्रों पर हाईस्कूल एवं इंटर के 9,536 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। मुख्य शिक्षाधिकारी तरुण कुमार पंत ने बताया कि परीक्षा को सुचारु ढंग से संपन्न कराने और नकल विहीन परीक्षा के लिए 12 लोगों की उड़नदस्ता टीम का गठन किया गया है। टीम में दो जिले से, एक डायट और अन्य ब्लॉक से शिक्षकों की तैनाती की गई है। टीम समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगी। 23 फरवरी को इंटर हिंदी की परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि बारिश और बर्फबारी में ठंड से परीक्षार्थियों को बचाने की भी व्यवस्था की गई है। अधिक ठंड वाले केंद्रों में रूम हीटर की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसके इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि बोर्ड परीक्षा पूर्व संपन्न हुई बैठक में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने परीक्षाओं को निर्विघ्न ढंग से संपन्न कराने और प्रत्येक केंद्र पर पुलिस कर्मियों की तैनाती किए जाने के निर्देश दिए हैं।
बोले पिछले वर्ष के मेधावी
मैंने पिछले वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा में 90.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है। पढ़ाई को बोझ समझने से लाभ नहीं मिलता। इसके प्रति रुचि पैदा करना जरूरी है। तभी सवाल आसान हो जाते हैं। परीक्षा में इसका लाभ मिलता है। - दीक्षा, जीजीआईसी, पिथौरागढ़
हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में पिछले वर्ष 78.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शुरुआती दौर से ही समयबद्ध तरीके से बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने से लाभ मिलता है। परीक्षा के दौरान सिर्फ रिविजन करना ही जरूरी है। परीक्षा के दिनों में कठिन सवालों में नहीं उलझना चाहिए। - नमिता, जीजीआईसी भाटकोट।
बोले परीक्षार्थी
परीक्षा की तैयारी की है। तनाव तो होता है। शिक्षकों ने बताया है कि तनाव मुक्त रहकर पढ़ाई करने से लाभ मिलेगा। परीक्षा के लिए तैयार हूं। - साक्षी कापड़ी, इंटर, जीजीआईसी पिथौरागढ़
समयबद्ध तरीके से पढ़ने से लाभ मिलता है। पढ़ाई के साथ रिविजन कर परीक्षा की तैयारी की है। उम्मीद है सभी पेपर अच्छे होंगे। - अलीमा, जीजीआईसी, भाटकोट।
बोले शिक्षक
जिनता पढ़ा है परीक्षा में इसका रिविजन करना उचित है। कोई टॉपिक कठिन लग रहा हो तो परीक्षा के दौरान इसमें उलझना नहीं चाहिए। अन्य विषय पर ध्यान केंद्रित करने से लाभ मिलेगा। पूरी नींद ले ताकि तनाव मुक्त रहा जा सके। - बहादुर सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य, देवसिंह इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़
पूरी लगन और मेहनत से हर विषय का ज्ञान ही सफलता की कुंजी है। हर विद्यार्थी का ज्ञान एक समान नहीं हो सकता। सभी को अपनी काबीलियत पर भरोसा कर आगे बढ़ना चाहिए। परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त रहना और पर्याप्त नींद जरूरी है। - हिमांशु नौगईं, जिला शिक्षा अधिकारी, पिथौरागढ़
-