मलबा आने से एक सप्ताह से बंद पड़ी झूलाघाट-बलतड़ी सड़क। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। झूलाघाट-बलतड़ी सड़क मलबा आने से एक सप्ताह से बंद है। सड़क बंद होने से लोगों को झूलाघाट पहुंचने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। परेशान लोगों ने प्रशासन से सड़क को शीघ्र खोलने की मांग की है।
क्षेत्र में नौ मई को हुई बारिश के कारण बलतड़ी से आगे सड़क पर मलबा आ गया था। इससे बलतड़ी, तड़ीगांव, बोनकोट, जायल सहित कई गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। ग्राम प्रधान पूजा भट्ट ने बताया कि यह सड़क हर साल 300 दिन बंद रहती है। इस कारण बमुश्किल दो महीने ही इस पर आवाजाही हो पाती है। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन खतरनाक स्थलों का उपचार नहीं कर पा सका है। इस कारण ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर डाला गया डामर खराब गुणवत्ता का है, जो एक बरसात भी नहीं टिक पाया है। सड़क को पास करने के लिए बस का ट्रायल किया गया लेकिन बस आधे रास्ते से ही लौट गई। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को अधिक दूरी वाले दूसरे रास्ते जिला मुख्यालय आना पड़ रहा है। इस कारण लोगों का 100 रुपये से अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्राम प्रधान ने सड़क को शीघ्र खोलने की मांग की है। इसके लिए आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।