थल बैशाखी पर्व पर मेले में भव्य मेला लगा।
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। बैसाखी पर्व पर रामगंगा, बहुला और कोकिला नदी के संगम पर स्थित श्री 1008 बालेश्वर महादेव के मंदिर में भव्य मेला लगा। सुबह चार बजे से मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। संगम में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
मंदिर के पुजारी गिरीश भट्ट, गोविंद भट्ट ने लोगों को बारी-बारी से दर्शन कराए। भगवान शिव के ही दूसरे स्वरूप भैरवनाथ मंदिर में पूजा-पाठ के साथ खिचड़ी चढ़ाने के लिए लोगों की कतार रही। दोपहर तक करीब सोलह हजार भक्तों ने शिवलिंग के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। रामगंगा नदी के किनारे व्यापारियों ने दुकानें सजाई थी। मेले में आए लोगों ने दुकानों से जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने मिठाई के साथ घर की जरूरत का सामान खरीदा। थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी यातायात व्यवस्था को दुुुरुस्त करने के लिए दिनभर पुलिस बल के साथ जुटे रहे।
महाकाली मंदिर में उमड़े भक्त
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बैसाख मास के संक्रांति के दिन महाकाली मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। तड़के से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। संक्रांति में दोष निवारण के लिए भक्तों ने चांदी के पैर मंदिर में चढ़ाएं।