फोटो 09 पीटीएच 07 पी- डीडीहाट के रामलीला मैदान में फुटबाल मैच खेलते खिलाड़ी। स्रोत: आयोजक
डीडीहाट (पिथौरागढ़) । रामलीला मैदान में स्व. प्रेम सिंह टोलिया व स्व. माधो सिंह जंगपांगी मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में अस्कोट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से करारी शिकस्त दी। मैच के दौरान हल्द्वानी के खिलाड़ी गोल करने के लिए लगातार संघर्ष करते नजर आए, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
दिन के दूसरे मुकाबले में क्लाउड नाइट और हंटर एफसी के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। इस संघर्षपूर्ण मैच में क्लाउड नाइट ने हंटर एफसी को 2-1 के अंतर से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य कमला चुफाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया और दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।
दीपक टोलिया रेफरी और चेतन स्कोरर रहे। सौरभ शाह ने मैच का आंखों देखा हाल सुनाया। पवन टोलिया, दीपेश जंगपांगी, सचिन टोलिया, तेज तरुण मर्तोलिया और संजय कन्याल ने प्रतियोगिता संपन्न कराने में सहयोग किया। इस दौरान खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही।