पिथौरागढ़। नाबालिग से दुष्कर्म, मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में पुलिस ने लोहाघाट से पॉलीटेक्निक के छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।
कोतवाली पिथौरागढ़ में एक व्यक्ति ने तहरीर दी कि कुमौड़ निवासी अखिल पंत ने उनकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया है। किसी को बताने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। तहरीर के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आईपीसी की धारा-323/376/504/506 और 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया। एसपी लोकेश्वर सिंह ने पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश के बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ मोहन चंद्र पांडे के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने आरोपी अखिल पंत (19) निवासी कुमौड़ को राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज लोहाघाट छमनिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में पॉलीटेक्निक का छात्र है। पुलिस टीम में एसआई मेघा शर्मा, कांस्टेबल संजीत राणा, कांस्टेबल नरेश बोरा, प्रतीक पचौली, विपिन ओली शामिल रहे।