सड़क चौड़ीकरण का मुआवजा नहीं मिलने से रोष
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में सड़क चौड़ीकरण का मुआवजा मिलने में विलंब और पुन: जांच के विरोध में भू स्वामियों ने उप जिलाधिकारी मंजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शीघ्र मुआवजा नहीं मिलने पर भवन और भूमि नहीं देने का भी ऐलान किया। पिछले दो साल से बलुवाकोट से तवाघाट तक 35 किमी सड़क चौड़ीकरण का कार्य बीआरओ की कार्यदायी संस्था हिलवेज कंपनी कर रही है। सड़क चौड़ीकरण की जद में लगभग तीन हजार लोगों की भूमि, भवन, गोशाला सहित जल संस्थान पेयजल लाइन, बिजली और बीएसएनएल के दर्जनों खंबे आ रहे हैं।
शनिवार को पूर्व चेयरमैन जय सिंह दानू के नेतृत्व में तहसील पहुंचे भूस्वामियों ने कहा कि उन्होंने अपने कागजात एक साल पूर्व ही जमा कर दिए हैं। बावजूद इसके मुआवजा मिलने में देरी होने से उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में नवीन खर्कवाल, गणेश भट्ट, गगन धामी, पूरन सिंह, पंकज सूद मौजूद रहे।
ये पढ़ें- Haldwani: सेना में सूबेदार का ट्रेन की चपेट में आकर हाथ कटा...STH में चल रहा इलाज, छुट्टी पर घर आए थे राजेंद्र
जिला प्रशासन से भवनों की पुन: जांच के निर्देश मिले हैं। सड़क मंत्रालय, प्रशासन, बीआरओ और लोनिवि की संयुक्त टीम भवनों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद भूस्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा।
-मंजीत सिंह, एसडीएम धारचूला।