पिथौरागढ़। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता दरबार में प्रधान मंत्री आवास, क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत, सड़क निर्माण, आर्थिक सहायता समेत 61 शिकायतें दर्ज हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान डॉ दिनेश चंद्र पाठक ने थल तहसील मुख्यालय के निकट मोटर पुल को खतरा, टॉल के पास अतिक्रमण की शिकायत की। लक्ष्मण सिंह ने क्वीतड़-हल्दू मोटर मार्ग का निर्माण की मांग उठाई। नरेंद्र सिंह ने मुख्यालय में निर्माणाधीन मल्टी स्टोरी पार्किंग में मजदूरी न मिलने की शिकायत की। जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने उसैल में क्षतिग्रस्त पंचायत घर पुनर्निर्माण, खोला पेयजल लाइन निर्माण, किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने की मांग की।
हल्दू ग्राम प्रधान जमन सिंह ने अध्यापकों की उपस्थिति के लिए बॉयोमीट्रिक मशीन लगाने की मांग की। बुयाल ग्राम प्रधान हेमा ने उग्रोन बैंड-आंवलाघाट मोटर मार्ग निर्माण, भालू उडियार प्रधान चंद्रा ने पेयजल लाइन, बीपीएल क्रमांक का दोबारा सर्वे कराने की मांग रखी। पत्थरखानी के राजेंद्र नेगी ने आवारा पशुओं के लिए बाड़ा बनाने, जिपं सदस्य किशन भंडारी ने कनालीछीना की वन पंचायतों में चहारदीवारी बनाने, कोटली-ख्वांकोट सड़क निर्माण, सोलर लाइट लगाने की मांग की। राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र भट्ट ने गुरना-तोली मोटर मार्ग, पाषाण मंदिर सुंदरीकरण, मार्ग चौड़ीकरण, गेस्ट हाउस निर्माण, प्रस्तावित थरकोट झील के पास व्यू सेंटर बनाने की मांग की। इस मौके पर डीएम ने हालिया समस्याओं के साथ ही पिछले सप्ताह की लंबित समस्याओं की भी समीक्षा की और एक सप्ताह के भीतर हर हाल में इनका निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम मो. नासिर, डीआरडीए के पीडी डीडी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी आदि थे।