पिथौरागढ़ ग्रिफ कैंप के पास जाम में फंसी एंबुलेंस और अन्य वाहन।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के नगरीय हिस्से में जाम की समस्या गंभीर हो गई है। आए दिन लग रहे जाम से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा हरे हैं। गंगा निवास से रई धारे तक जाम लगने से करीब डेढ़ घंटे वाहन फंसे रहे। इस दौरान रोगी को अस्पताल ले जा रही आपातकालीन 108 भी फंसी रही।
मंगलवार को करीब साढ़े नौ बजे से साढ़े 10 बजे तक गंगा निवास से रई धारे तक भयानक जाम लग गया। जाम में मरीज को ले जाकर अस्पताल जा रही आपातकालीन सेवा 108 भी फंसी रही। इस दौरान कार्यालय जाने वाले सैकड़ों लोग भी फंसे रहे। जाम इतना भयानक था कि पैदल चलने वाले राहगीरों को भी दिक्कत झेलनी पड़ी। लोगों ने हर रोज लग रहे जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। नगर में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर रोज जाम लग रहा है। लोग अपने वाहनों को मजबूरन सड़क किनारे पार्क करने को मजबूर हैं। नगर में एक भी बड़े वाहन के प्रवेश करने पर जाम की स्थिति पैदा हो रही है। लोगों ने पुलिस से भारी वाहनों को साढ़े नौ बजे बाद प्रवेश न करने देने और उन्हें बाईपास से भेजने की मांग की है। सीओ आरएस रौतेला का कहना है कि पुलिस जाम की समस्या से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का चालान किया जा रहा है। इसके अलावा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।