कोतवाली पुलिस ने परचून की दुकान की आड़ में स्मैक बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के कब्जे से 4.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने युवक और उसे नशीला पदार्थ बेचने वाले ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि धोबीघाट क्षेत्र मेें नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है। इस पर कोतवाल हरिओम राज चौहान, बाजार चौकी इंचार्ज दीपक तिवाड़ी, कांस्टेबल संजय, कमल रावत और प्रकाश खनेड़ा क्षेत्र में सोमवार शाम चेकिंग के लिए पहुंचे। इस दौरान एफसीआई गोदाम को जाने वाले मार्ग के मोड़ पर खड़े युवक आशीष रावत निवासी गुराड़ (एकेश्वर) हाल निवासी डांग (श्रीनगर) की तलाशी ली गई। युवक के पास से पुलिस को 4.60 ग्राम स्मैक मिली। अवैध रूप से नशीला पदार्थ रखने के जुर्म में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल चौहान ने बताया युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दुकान की आड़ में स्मैक बेचने का धंधा करता था। आशीष ने पूछताछ मेें बताया कि उसने हरियाणा निवासी ट्रक ड्राइवर एहसान से स्मैक खरीदी थी। चौहान के अनुसार, ट्रक ड्राइवर एहसान के खिलाफ भी केस दर्ज कर उसके पते की खोज की जा रही है।