विकासखंड कीर्तिनगर का सील गांव और इंटर कॉलेज आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है। इस कारण ग्रामीणों और छात्रों को आए दिन करीब दो किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़नी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हर चुनाव में उनसे सड़क के नाम पर वोट मांगे जाते हैं लेकिन आज तक किसी ने ग्रामीणों और छात्रों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया है।
ग्राम पंचायत खोला कड़ाकोट के सील, रौतखील और डांडात्थी आदि गांवों में करीब 40 से अधिक परिवार हैं। सील गांव में क्षेत्रपाल भैरव देवता की मूल गद्दी होने से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे है। गांव से कुछ दूरी पर जीआईसी खोला कड़ाकोट स्थित है। इंटर कॉलेज में भी कमांद, खर्क, पहलगांव व खोला आदि जगहों के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद अब तक यहां के लिए मोटर मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को मामूली सामान के लिए भी करीब दो किमी दूर खोला या पहलगांव आना पड़ता है। जबकि इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को भी खड़ी चढ़ाई नापनी पड़ रही है।
खोला-सील मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन भूमि संबंधी पत्रावली ऑनलाइन है। वनभूमि का मामला हल होने पर डीपीआर गठित की जाएगी। इसको स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।-हर्षवर्द्धन मैठाणी, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, कीर्तिनगर।