पौड़ी/पाबौ/थलीसैंण। मुख्यालय समेत पाबौ, थलीसैंण, खिर्सू और पैठाणी में तिरंगा रैली निकाली गई जिसमें स्कूली बच्चाें समेत जनप्रतिनिधियों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। उन्होंने भारत माता के जयकारों के साथ शहर, गांव, कस्बों में रैली निकाली। मुख्यालय में विधायक राजकुमार पोरी व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही बीआरएमएस के छात्र-छात्राओं ने शहर के विभिन्न मार्गों पर तिरंगा रैली निकाली।
रैली की शुरुआत एजेंसी चौक से होते हुए मालरोड, बस स्टेशन, धारारोड, कलेक्ट्रेट परिसर, अपर बाजार से होते हुए पुन: एजेंसी चौक पहुंची। वहीं राजकीय महाविद्यालय व जीआईसी खिर्सू में प्राचार्य डॉ. डीएस चौहान, प्रधानाचार्य सुबोध नेगी ने कस्बे में तिरंगा रैली निकालकर देश के स्वतंत्रता सेनानियों के याद किया। इस मौके पर महाविद्यालय पोखड़ा के प्राचार्य डॉ. विद्या राय आदि मौजूद रहे। पैठाणी स्थित राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र रौथाण की अगुवाई में तिरंगा रैली निकाली गई। प्रभारी प्राचार्य डॉ. कुमार गौरव जैन ने बताया कि रैली में महाविद्यालय, गुरु रामराय स्कूल, जीआईसी, माउंटेश्वरी स्कूल, पुलिस और आम लोगों ने भी हिस्सा लिया। संवाद
-
छात्रों को शिक्षा के प्रति किया जागरूक
पौड़ी। राजकीय इंटर कॉलेज खोलाचौरी में टच योर सोल संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। संस्था संस्थापिका डाॅ. मधु चौधरी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में लगन से अध्ययन करना चाहिए और अच्छे संस्कारों को अपनाकर आदर्श नागरिक बनना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में जो बच्चे आर्थिक स्थिति के कारण अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाते उनके लिए दूरस्थ शिक्षा पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से संस्था शुरू करने पर विचार कर रही है। इस मौके पर प्रधानाचार्य सुरेश आर्य, चंद्र प्रकाश, एसपी अवस्थी, राकेश ध्यानी, कैलाश पंवार, रंजन रावत, रश्मि सेमवाल, आरती गुसाईं, वंदना ध्यानी, विधोत्तमावती और प्रशांत पुरी आदि मौजूद रहे। संवाद
प्री-इटर्नशिप का समापन
थलीसैंण। राठ महाविद्यालय पैठाणी के बीएड विभाग के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं के प्री-इटर्नशिप का राजकीय इंटर कॉलेज चौलोसैण पाबौ में समापन हुआ। इस दौरान प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए। प्रधानाचार्य हर्षपति रतूड़ी ने कहा कि दो सप्ताह का यह कोर्स बेहतर माहौल में पूरा हुआ जिससे विद्यालय परिवार को पठन-पाठन का एक नया वातावरण मिला। इस दौरान क्वीज, आर्ट व ड्राइंग में सक्रिय रूप से भाग लेने छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन नितिन और उर्मिला ने किया। इस दौरान शिक्षक डाॅ. अखिलेश कुमार सिंह, भारती नेगी, भाव्या, अर्चना, अंजलि, सपना, अभिषेक और रिया आदि मौजूद रहे। संवाद