श्रीनगर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़क से वंचित ग्रामीणों का सड़क निर्माण का सपना अब पूरा होगा। इसके लिए पीएमजीएसवाई सड़क से वंचित ग्राम पंचायतों के तोकों का चिह्नीकरण कर रहा है। एक से डेढ़ किमी के दायरे में बसे जिन ग्राम पंचायतों के तोक 250 की आबादी का मानक पूरा करेंगे, उनको जल्द सड़क से जोड़ा जाएगा।
पीएमजीएसवाई ने जनपद पौड़ी और कीर्तिनगर व देवप्रयाग ब्लॉक में अब तक करीब 52 बस्तियों को चिह्नित किया है। यह मोहल्ले और तोक आज भी सड़क से तीन से चार किमी दूर है। भले ही इन तोकों की ग्राम पंचायतें मोटर मार्ग से जुड़ चुकी है, लेकिन तोकों और मोहल्लों में रहने वाले लोग पैदल दूरी नापने को मजबूर हैं।
लोस्तु बडियागढ़ क्षेत्र के नौड़ा धौलियाणा, हलपड़ा, कुमेरू आदि गांवों में आज भी सड़क नहीं पहुंच पाई है। अब पीएमजीएसवाई की ओर से चलाई जा रही इस मुहिम के तहत इस प्रकार के गांवों तक सड़क पहुंचना आसान हो जाएगा। वहीं पीएमजीएसवाई वृत श्रीनगर के अधीक्षण अभियंता एसके बसलियाल ने बताया कि इन दिनों उन बस्तियों और तोकों को सड़क से जोड़ने के लिए चिह्नित किया जा रहा है, जिनकी आबादी 250 है।
अगर किसी तोक की आबादी मानक पूरा नहीं करती है, तो उसके अन्य तोक जो करीब एक से डेढ़ किमी के दायरे में हैं, उनकी आबादी को जोड़कर मानक पूरा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अब तक श्रीनगर वृत के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में करीब 52 तोक चिह्नित किए जा चुके हैं। चिह्नित किए जाने के बाद डाटा फीड की कार्रवाई शुरू की जाएगी। अंत में प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा जाएगा। संवाद