श्रीनगर। गंगा आरती समिति ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष प्रेम बल्लभ नैथानी ने ज्ञापन में कहा कि बीते चार नवंबर शाम 4:45 बजे नगर निगम के उपायुक्त की ओर से गंगा आरती में प्रतिभाग के लिए फोन किया गया था। कहा गया था कि गंगा आरती शाम छह बजे की जाएगी। सूचना पर गंगा आरती से जुड़े वरिष्ठ नागरिक काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
इसके बाद सभी सदस्य शारदा घाट पर गंगा आरती कर लौट गए। उसके बाद नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की ओर से जिस स्थान पर दीप प्रज्ज्वलित नहीं किए जाते हैं, वहां पर किए गए। इससे गंगा आरती समिति के सदस्यगणों में रोष है। गंगा आरती समिति ने कहा कि मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अथक प्रयासों द्वारा बनाए गए घाट की नगर निगम द्वारा उपेक्षा की गई है। समिति ने प्रधानमंत्री से मामले की जांच करवाने और दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों का अन्यत्र स्थानांतरण कर कार्रवाई की मांग की है। संवाद