जिले में लंबे समय से नदारद 7 डाक्टरों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नदारद डाक्टरों को अंतिम नोटिस जारी कर 15 दिनों में स्वास्थ्य महानिदेशालय में तैनाती देने के निर्देश दिए। निर्धारित समयावधि में लापता डॉक्टरों की ओर से तैनाती नहीं दी जाती तो महानिदेशालय के लिए इनकी सेवा समाप्ति की संस्तुति की जाएगी।
जनपद पौड़ी के विभिन्न चिकित्सालयों में सेवारत सात डॉक्टर लंबे समय से लापता चल रहे हैं। विभाग ने डाक्टरों को तीन से अधिक नोटिस जारी किए, लेकिन डाक्टरों ने आज तक तैनाती नहीं दी है। जिले के धुमाकोट, रिखणीखाल, जसपुर व कोट में सेवारत एक-एक और बीरोंखाल ब्लाक में सेवारत 3 डॉक्टर तैनाती के बाद से ही लापता चल रहे हैं। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार धुमाकोट में सेवारत डॉक्टर 2009, कोट में सेवारत डॉक्टर 2005, बीरोंखाल में सेवारत एक डॉक्टर 2015, दो 2018, जसपुर व रिखणीखाल में सेवारत डॉक्टर एक से डेढ़ साल की अवधि से लापता चल रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज शर्मा ने बताया कि नदारद डॉक्टरों को अंतिम नोटिस जारी कर स्वास्थ्य महानिदेशालय में 15 दिनों में तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद डाक्टरों ने तैनाती नहीं दी तो स्वास्थ्य महानिदेशक को कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।