नगर पालिका परिषद की ओर से श्रीकोट गंगानाली में नवनिर्मित बहुउद्देशीय पार्क एवं ओपन जिम में एक शाम उत्सव के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शुक्रवार देर शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी ने किया। उन्होंने कहा कि पार्क को अभी और बेहतर ढंग से विकसित किया जाएगा। भक्तियाना में भी एक बहुउद्देशीय पार्क स्वीकृत है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत ऋषि कुमार ने गणेश वंदना और श्रुति रतूड़ी ने शिव भजन गाकर की। इसके पश्चात आदित्य और साक्षी ने शिव तांडव की भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। परंपरा ग्रुप ने छपेली नृत्य प्रस्तुत किया। छोटे बच्चों के डांडिया ने सबका मन मोह लिया। नितेश जमलोकी की टीम ने जागर से कार्यक्रम स्थल को गुंजायमान कर दिया। वैभवी तिवाड़ी ने कथक की प्रस्तुति दी।
श्रीकोट की उभरती लोकगायिकाओं अंजलि खर्रे ने जो जस देई और शालिनी बहुगुणा ने ओ साहिबा गीत सुनाए। इसके अलावा कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाउंनी और पंजाबी लोक नृत्य प्रस्तुत किए। मंच संचालन पंकज नैथानी और काजल मेहरा ने किया। कार्यक्रम में वीरेंद्र रतूड़ी का संगीत संयोजन बेहतर रहा। इस मौके पर अनिल स्वामी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव प्रदीप तिवाड़ी, परवेज अहमद, विजय रावल, लाल सिंह नेगी, शांति भट्ट, कुसुमलता, सुनीता बहुगुणा, रेखा अग्रवाल, सुषमा नेगी आदि मौजूद थे।