विधायक ने छात्रों की वीसी से फोन पर करवाई बात, फिलहाल छात्रों ने स्थगित किया आंदोलन
बीते सात अगस्त से छात्रों ने शुरू किया था आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। छह सूत्री मांगों को लेकर गढ़वाल केंद्रीय विवि के बीजीआर कैंपस में छात्र सोमवार रातभर अनशन पर बैठे रहे। मंगलवार को मौके पर विधायक पोरी पहुंचे और छात्रों की वीसी से फोन पर बात करवाई। वीसी ने छात्रों की मांगों को एक सप्ताह में शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया गया जिसके बाद विधायक ने छात्रों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। छात्रों ने कहा कि फिलहाल अनशन स्थगित किया गया है। छात्र नेता बीते 7 अगस्त से पौड़ी परिसर में क्रमिक आंदोलन व बीते सोमवार से अनशन पर बैठे।
बीजीआर कैंपस पौड़ी में बस सेवा शुरू करने, बास्केटबाल शुरू करने, परिसर में डिप्टी रजिस्ट्रार/असिस्टेंट रजिस्ट्रार की नियुक्ति, बीबीए, एमबीए, बीएएलएलबी, बीएससी कृषि, बीएससी वानिकी, बीपीएड कोर्स, एमकॉम का संचालन, सीयूईटी परिणाम में विलंब होने पर यूजी प्रथम वर्ष में मेरिट के आधार प्रवेश देने की मांगों को छात्र नेता सोमवार रातभर अनशन पर डटे रहे। इसके बाद मंगलवार को दोपहर बाद मुख्य गेट पर तालाबंदी की और फिर गेट के आगे अनशन पर बैठे रहे। छात्र संघ अध्यक्ष ऋत्विक असवाल ने बताया कि मांगों को लेकर पूरा परिसर एकजुट है। दोपहर करीब ढाई बजे विधायक राजकुमार पोरी मौके पर पहुंचे और आंदोलित छात्राें से मुलाकात की। उन्होंने विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल के साथ फोन पर वार्ता कर छात्रों की मांगों को पूरा करने को कहा। विधायक ने बताया कि कुलपति ने एक सप्ताह में मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। विधायक ने अनशन पर बैठे छात्रों को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त करवाया। वहीं छात्रसंघ अध्यक्ष ऋत्विक ने बताया कि छात्रों ने विवि को एक हफ्ते की जगह 15 दिन का समय दिया है। अगर 15 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर से उग्र आंदोलन शुरू होगा। इस मौके पर छात्रसंघ कोषाध्यक्ष लवीश नेगी, जीआर खुशी कोली, आर्यनग्रुप के जिलाध्यक्ष कुश रावत, कुनाल रावत, मनजीत असवाल, आशीष थपलियाल, रिया नयाल और आकाशी ढौंडियाल आदि शामिल रहे। वहीं परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने बताया कि छात्रनेताओं की कुछ मांगों को विवि प्रशासन ने पहले ही स्वीकृत कर दिया था जिन पर कार्य गतिमान है।