गढ़वाल विवि में कुलपति कार्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन करते जय हो छात्र संगठन के कार्यकर्ता
एमबीए इंटीग्रेटेट और एमएससी योगिक साइंस कोर्स इसी सत्र से शुरू करने की मांग पर अड़े
श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर छात्रसंघ अध्यक्ष सुधांशु थपलियाल के नेतृत्व में छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन परिसर में प्रदर्शन किया। मौके पर छात्रों ने विवि प्रशासन पर एकेडमिक काउंसिल की बैठक में छात्र हितों को लेकर रखे गए मुद्दों पर ठोस निर्णय नहीं लिए जाने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में कुलपति से वार्ता में मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर छात्रों ने आंदोलन समाप्त किया।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि एकेडमिक काउंसिल की बैठक में पीजी में दो से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश न दिए जाने के मुद्दों को लेकर भी चर्चा होने की बात उजागर हुई। कहा कि यदि यह निर्णय लिया गया तो छात्र पीजी में दो से अधिक विषयों में डिग्री नहीं ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि विवि ने यह निर्णय लिया तो इसके विरोध में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
छात्रों को अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. महावीर सिंह नेगी व मुख्य नियंता प्रो. बीपी नैथानी ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र कुलपति से वार्ता कराने की जिद पर अड़े रहे। बाद में छात्रसंघ अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने मांगों के संदर्भ में कुलपति को ज्ञापन दिया।
इस मौके पर पुनीत अग्रवाल, सौरभ रावत, दीपक टम्टा, अनामिका आदि मौजूद रहे। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. महावीर सिंह नेगी नेगी ने कहा कि एकेडमिक काउंसिल की बैठक में पीजी में दो से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधी मामले पर केवल चर्चा हुई है।