जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए हैं। जिले में नौ विकास खंडों के 17 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पद के परिणाम घोषित हो गए हैं।
बुधवार को त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। पोखड़ा की ग्राम पंचायत बगड़ीगाड में अरविंद कुमार, रिखणीखाल के सिलबेडी में अरुणा रानी, खिर्सू ब्लाक के कोल्ठा में चतर सिंह, कोठगी में शिव सिंह, कोट ब्लाक के थमाणा में सुरेंद्र सिंह, बुरांसी में पूनम देवी, थलीसैंण ब्लाक के भैड़गांव में अंजू देवी, रौली में बीरा देवी, दुगड्डा के दर्था में रिंकी नेगी, उमथगांव में शालनी, सरडा हनुमंती, द्वारीखाल ब्लाक के जसपुर में रूपचंद्र जखमोला, भैडगांव में सुनीता देवी जीती।
यमकेश्वर के कुर्माथा में सुलोचना देवी, नांद मल्ला में गीता, पाबौ ब्लाक के ताल में दिनेश सिंह, मरोड़ा में मनोज कुमार जीते। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम पौड़ी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
वहीं चुनावों के दौरान आरक्षण के अनुरूप प्रत्याशी नहीं मिलने सहित अन्य कारणों के चलते 37 ग्राम पंचायतों ग्राम प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत सदस्य व 1086 ग्राम पंचायत सदस्य के पद रिक्त रह गए थे। उप चुनाव में 16 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान व 182 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं, जबकि चार ग्राम पंचायतों में प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के 904 पद अभी भी रिक्त हैं।