एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों (शिक्षकों) ने व्यक्तिगत पदोन्नति के लिए कुलपति से मुलाकात की। संकाय सदस्यों ने बताया कि उनकी पदोन्नति 6-7 साल से लंबित चल रही है। इससे उनकी वरिष्ठता प्रभावित हो रही है।
विवि टीचर्स वेलफेयर सोसाइटी के पूर्व सहसचिव डॉ. आरएस फत्र्याल के नेतृत्व में तीनों परिसरों के 20 शिक्षकों ने कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल से वार्ता की। शिक्षकों ने बताया कि वरिष्ठ सहायक प्रोफेसरों और एसोसिएट प्रोफेसरों की व्यक्तिगत पदोन्नति लंबित चल रही है। विवि की ओर से अब तक पदोन्नति के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। इस देरी की वजह से उन्हें आर्थिक, शैक्षणिक एवं मानसिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह भी संज्ञान मेें आया है कि विवि की ओर से सीधी भर्ती के माध्यम से शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में उनकी वरिष्ठता का नुकसान होगा इसलिए विवि सीधी भर्ती से पूर्व साक्षात्कार आयोजित कर उनको पदोन्नति दे। वार्ता में डॉ. जीके जोशी, डॉ. जेपी मेहता, डॉ. केसी पेटवाल, डॉ. बीएस भंडारी, डॉ. प्रभा तिवाड़ी, डॉ. शंकर लाल, डॉ. आरबी गोदियाल, डॉ. एमसी पुरोहित आदि शामिल थे।