पांच सड़कों के 24 किमी क्षेत्र में होगा सुधारीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। मानसून समाप्ति के बाद अब लोक निर्माण विभाग श्रीनगर डिवीजन क्षेत्र की संपर्क सड़कों का सुधारीकरण कार्य करेगा। इन सड़कों पर करीब सवा तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। 24 किमी क्षेत्र में पांच संपर्क सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, चमधार-बुघाणी सड़क के 14 किमी हिस्से के सुधारीकरण के लिए सवा दो करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं अन्य चार संपर्क सड़कों के सुधारीकरण के लिए करीब एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इन सड़कों पर कार्य शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। लोनिवि श्रीनगर के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार ने बताया कि चमधार-बुघाणी सड़क पर शीघ्र सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अन्य चार सड़कों पर भी जल्द काम शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की कुछ अन्य संपर्क सड़कों पर भी सुधारीकरण कार्य गतिमान है।
इन सड़कों का होगा सुधारीकरण
चमधार-बुघाणी - 14 किमी
डांग-ऐठाणा - 2 किमी
खंडाह-बछेली - 2 किमी
डोभ श्रीकोट-जामणाखाल - 3 किमी
खंडाह-गिरगांव-मैठाणा - 2.5 किमी