पौड़ी में तीलू रौतेली पुरस्कार चयन जिला स्तरीय समिति की बैठक लेते डीएम विजय कुमार जोगदंडे।
- फोटो : PAURI
जनपद पौड़ी से तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 5 और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए 9 आवेदनों को जिला स्तरीय समिति ने संस्तुति प्रदान कर दी है। उन्हें राज्य स्तर पर पुरस्कार चयन के लिए भेज दिया गया है।
मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के तहत पुरस्कार चयन के लिए गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। डीएम जोगदंडे ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में समाज के लिए महिलाओं ने अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता व ईमानदारी से किया है। इस दौरान प्रभारी डीपीओ जितेंद्र कुमार ने समिति के सामने तीलू रौतेली पुरस्कार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के समस्त आवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 6 और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए 16 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदनों की जांच के बाद सर्वसम्मति से तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए 5 और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार के लिए 9 आवेदनों की संस्तुति की गई। इस अवसर पर सीडीओ आशीष भटगांई, डीडीओ वेद प्रकाश, एसीएमओ डॉ. अशोक तोमर, एएमए जिला पंचायत संतोष खेतवाल, ब्लॉक प्रमुख कोट पूर्णिमा नेगी, सुषमा रावत, भवानी देवी, अनूप देवरानी आदि मौजूद थे।