आदर्श रामलीला समिति की ओर से सातवें दिन अशोक वाटिका एवं लंका दहन लीला का शानदार मंचन किया गया। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल जैन ने भगवान राम की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
रामलीला मंचन के प्रथम दृश्य में वानर सेना के साथ सीता की खोज में निकले हनुमान अशोक वाटिका पहुंचे। वहां माता सीता को प्रभु राम की अंगूठी भेंटकर उन्हें शीघ्र मुक्त करने का आश्वासन दिया। वानर सेना के साथ पहुंचे हनुमान ने अशोक वाटिका को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। इस दौरान अक्षय कुमार का वध और हनुमान को मेघनाद द्वारा बंदी बनाकर रावण दरबार में पेश किया गया। वहां रावण ने दंड स्वरूप हनुमान की पूंछ में आग लगा दी। पूंछ में आग लगने के बाद हनुमान ने सारी लंका को आग के हवाले कर दिया। इससे पूरी लंका जलकर राख हो गई। इस दृश्य के बाद बाली व सुग्रीव युद्ध का कलाकारों ने शानदार मंचन किया। इसमें बाली का वध कर राम ने सुग्रीव को पंपापुर का राज पाठ सौंपा।