श्रीनगर। रामलीला मैदान का जल्द सौंदर्यीकरण होगा। यहां भवन, मंच सहित विभिन्न निर्माण कार्य होंगे जिन पर करीब पौने दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। कैबिनेट मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि रामलीला मंचन समापन के बाद यह निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं है।
रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में डाॅ. रावत ने कहा कि रामलीला समापन के बाद करीब 1.75 करोड़ की लागत से रामलीला मैदान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मैदान में आवश्यक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र के लिए करीब 70 करोड़ की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। जीएनटीआई मैदान को खेल प्रेमियों को उपलब्ध कराने को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही श्रीकोट स्टेडियम के निकट लगभग 200 वाहनों की पार्किंग क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। संवाद