मंडल मुख्यालय में लगातार पेयजल किल्लत और बिलो में बढ़ोत्तरी से लोग परेशान हैं। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने आयुक्त गढ़वाल मंडल सुशील कुमार से मामले की शिकायत कर समाधान की मांग की। उन्होंने शहरवासियों को पेयजल किल्लत से निजात दिलाने और बढ़े हुए पानी के बिलों को कम करते हुए राहत दिलाने की मांग की।
पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला ने कहा कि शहर में नानघाट पेयजल पंपिंग योजना व पौड़ी-श्रीनगर पेयजल पंपिंग योजना शहर में पेयजल आपूर्ति की जाती है। इसके बाद भी कई दिनों से एजेंसी चौक, डिप्टीधारा, श्रीनगर रोड, न्यू विकास कालोनी सहित अनेक रिहायशी इलाकों में अनियमित जलापूर्ति हो रही है। कहा कि शहर के होटल व्यवसायियों को टैंकरों से पेयजल आपूर्ति करनी पड़ रही है। आयुक्त सुशील कुमार ने मामले में जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।