विकास खंड कीर्तिनगर के दर्जनों गांवों की राह आसान करने वाला पैंडुला अमरोली मैखंडी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य 16 वर्षों से ठप पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आज तक विभाग भी राजनीतिक दबाव के कारण विवाद का मुद्दा बनाकर मामले को ठंडे बस्ते में डालता आया है, जबकि वर्ष 2020 में यह विवाद हल हो चुका था।
वर्ष 2006 में क्षेत्र के पैंडुला, अमरोली, मैखंडी, तल्यामंडल, कणोली, न्यूली आदि गांवों को जोड़ने के लिए दुगड्डा-सौड़ चौकी मोटर मार्ग से करीब 14 किमी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन बीच में एलाइनमेंट को लेकर कुछ ग्रामीणों ने विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद वर्ष 2008 में लोनिवि ने मोटर मार्ग का निर्माण कार्य बंद करवा दिया। प्रधान मीनाक्षी देवी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और विभाग की मौजूदगी में 20 जुलाई 2020 को यह विवाद हल कर दिया गया था। इसके बाद भी विभाग ने नेताओं के दबाव में जब इस पर कोई कार्रवाई नहीं की, तो उन्होंने ग्रामीणों के साथ लोनिवि कीर्तिनगर के कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन और अनशन किया। इसके बाद 28 दिसंबर 2021 को मार्ग निर्माण में आने वाले पेड़ों आदि के लिए वन विभाग की ओर से संयुक्त सर्वेक्षण करवाया गया। लेकिन इसके बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। प्रधान ने बताया कि मोटर मार्ग दोनों ओर से तैयार किया गया है, लेकिन विवादित स्थल पर करीब साढ़े तीन किमी का पैच छोड़ा गया है। अगर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो जाता, तो उक्त गांवों के साथ ही डागर और अकरी बारजूला पट्टी के दर्जनों गांवों को टिहरी आदि जगहों पर जाने में काफी सुविधा मिलती।
-मोटर मार्ग निर्माण में आने वाले पेड़ों आदि का वन विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण करवाया गया है, जिसकी पत्रावली नोडल स्तर पर है। स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। -अश्विनी यादव, सहायक अभियंता, लोनिवि, कीर्तिनगर।