बीजीआर परिसर पौड़ी के विधि संकाय के छात्रों ने विवि प्रशासन पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। छात्रों ने कहा कि बिडला व चौरास परिसर में परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, जबकि पौड़ी परिसर में परीक्षा तिथि घोषित की गई है। कहा कि विधि संकाय के छात्रों के लिए एक फरवरी से परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया गया है। छात्रों ने निरस्त करने की मांग की है।
मंगलवार को बीजीआर परिसर पौड़ी के विधि संकाय के छात्रों ने परिसर निदेशक के माध्यम से विवि के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन भेजा। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह ने कहा कि विवि द्वारा कोविड के प्रकोप को देखते हुए बिडला परिसर श्रीनगर व चौरास परिसर के छात्रों की 18 जनवरी से होने वाली समस्त परीक्षाएं अग्रिम आदेश तक निरस्त करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं विवि प्रशासन ने दूसरे आदेश में एक फरवरी से विधि संकाय का परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है। इसको लेकर छात्रों में आक्रोश बना है। उन्होंने कहा कि कोरोना का प्रकोप अपने पीक पर है, ऐसे में जिस प्रकार का दोहरा मापदंड विश्विद्यालय छात्रों के साथ अपना रहा है, वह किसी भी रूप में स्वीकार नही किया जाएगा। कहा कि विवि प्रशासन जानबूझकर छात्रों के जीवन को संकट में डाल रहा है। विधि संकाय के छात्रों ने एक फरवरी से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं का विरोध करते हुए परीक्षा को निरस्त किए जाने की मांग की है। इस अवसर पर निखिल डेविड, अंकित सुंदरियाल, मुकुल पंवार, अमन नेगी आदि मौजूद रहे।