गढ़वाल विवि में परीक्षा कराने की मांग को लेकर परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात करने के लिए इंतजार करत?
- फोटो : SHRINAGAR
छात्रों के दबाव में बिड़ला और चौरास परिसर की परीक्षाएं स्थगित करना एचएनबी गढ़वाल विवि के बीएचएम (बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट) अंतिम वर्ष के छात्रों को भारी पड़ गया है। बीएचएम अंतिम वर्ष के छात्रों को सातवें सेमेस्टर की परीक्षा के बाद जॉब ट्रेनिंग पर जाना था, लेकिन परीक्षाएं स्थगित होने की वजह से वह अटक गए हैं। छात्रों ने विवि से पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षाएं करवाने की मांग की है।
मंगलवार को बीएचएम सप्तम सेमेस्टर के छात्र गढ़वाल विवि पहुंचे। जहां उन्होंने परीक्षा नियंत्रक को परीक्षा के संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके सेमेस्टर का सिलेबस पूर्ण हो चुका है। 21 जनवरी से परीक्षाएं होनी थी, जो छात्र नेताओं के दबाव में स्थगित कर दी गई। जबकि उन्होंने कभी भी परीक्षाएं स्थगित करने की मांग नहीं की।
छात्रों ने बताया कि सप्तम सेमेस्टर की पढ़ाई के बाद आठवें सेमेस्टर में जॉब ट्रेनिंग करनी होती है। इसके अलावा कई छात्रों का प्लेसमेंट भी हो चुका है, लेकिन परीक्षा स्थगित होने से उनके भविष्य मेें संकट आ गया है। ऐसे में न तो वह जॉब ट्रेनिंग कर सकते हैं और न ही नौकरी कर सकते हैं। उन्होंने सप्तम सेमेस्टर की परीक्षाएं पूर्व से तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित करवाने की मांग की। इस मौके पर दीपक बिष्ट, अभिषोध पंवार, शिवम बिष्ट, अंशु असवाल, सचिन डंगवाल, एमडी साहिल, भानुप्रताप, आयुष्मान पंत, विवेक तिवारी, रोहित रावत व गौतम बिष्ट आदि मौजूद थे।
इधर, परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण रावत ने बताया कि छात्रों की मांग पर ही परीक्षाएं स्थगित की गई है। जब छात्र परीक्षा स्थगित करने की मांग कर रहे थे, तब सप्तम सेमेस्टर के छात्रों को अपनी मांग रखनी चाहिए। हालांकि सप्तम सेमेस्टर के छात्रों की समस्या पर विचार किया जाएगा।