श्रीनगर और कीर्तिनगर क्षेत्र में गुलदार के आतंक से लोग सहमे हुए हैं। नगर पालिका क्षेत्र के श्रीकोट (वार्ड एक) में गुलदार ने रात में तीन घोड़े मार डाले। एक घोड़े को मरणासन्न स्थिति में छोड़ दिया। वहीं घसिया महादेव (वार्ड तीन) में लोगों ने सुबह सवेरे गुलदार को शावक के साथ देखा जबकि कीर्तिनगर से 4 किलोमीटर दूर जयालगढ़ में गुलदार घर की गैलरी में घूमता दिखाई दिया है।
शनिवार रात गुलदार ने श्रीकोट शिव मंदिर के पास बंधे रोहित झा के घोड़ों पर हमलाकर दिया। सभासद संजय कुमार ने बताया कि गुलदार ने 4 घोड़ों के गलों पर दांत और नाखून गड़ा दिए। इससे 3 की मौत हो गई। एक घायल है। गुलदार ने घोड़ों के पिछले हिस्से को खाया भी है। वार्ड तीन के सभासद राकेश सेमवाल ने बताया कि घसिया महादेव में कटकेश्वर मंदिर के समीप मार्ग पर सुबह साढ़े 7 बजे लोगों ने गुलदार को शावक के साथ देखा। शावक के साथ होने से गुलदार आक्रामक हो सकता है। ऐसे में लोगों को खतरा है।
वहीं, जयालगढ़ में एक घर की गैलरी में गुलदार की चहलकदमी कैमरे में कैद हुई है। बताया जा रहा है कि गुलदार घर में कुत्ते की तलाश करता रहा। ग्राम प्रधान जयालगढ़ रितु देवी ने बताया कि गुलदार गांव में कई पशुओं को मार चुका है। रेंजर कीर्तिनगर देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि गुलदार आबादी की ओर नहीं आए, इसके लिए फॉक्स लाइट लगाई गई है। लोगों से झाड़ियां काटने को बोला गया है। वहीं, रेंजर नागदेव अनिल भट्ट ने बताया कि घोड़ों के पोस्टमार्टम के बाद मालिक को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।