विकास खंड कीर्तिनगर के मलेथा, रानीहाट, देवली व नैथाणा में पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने रेल परियोजना प्रभावितों के साथ बैठक आयोजित की, जिसमें समस्याओं और अनुबंधों पर चर्चा की गई।
बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में मंत्री ने कहा कि यदि 30 सितंबर तक परियोजना के निर्माण कार्यों में लगी कंपनी प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और रोजगार उपलब्ध करवाने के साथ ही अनुबंधों में किए गए वादों को पूरा नहीं करती है, तो दो अक्तूबर से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का निर्माण कार्य बंद करवाया जाएगा। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि रेल लाइन की सुरंगों के अंदर ब्लास्टिंग किए जा रहे हैं, जिससे गांव के आवासीय भवनों में दरारें आ रही है। उन्होंने रेल विकास निगम और परियोजना के निर्माण कार्यों में लगी एजेंसियों को 30 सितंबर तक समस्याओं का समाधान किए जाने की मांग की है।