पौड़ी। खेल विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। एकल व युगल में खिलाड़ियों ने बखूबी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को टिहरी-बागेश्वर, बागेश्वर-यूएस नगर और बागेश्वर-टिहरी के बीच खेला जाएगा।
शहर के रांसी इंडोर स्टेडियम में आयोजित बालिका अंडर 13, 17 व 19 आयु वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों की शुरुआत अंडर-13 एकल से हुई। एकल वर्ग में बागेश्वर व पौड़ी के बीच पहला मुकाबला खेला गया। जिसमें बागेश्वर ने जीत दर्ज की। इसी मुकाबले में टिहरी ने चमोली को पराजित किया। युगल में टिहरी ने नैनीताल व बागेश्वर ने चमाली को हराया। अंडर-17 एकल में बागेश्वर ने देहरादून, जबकि इसी मुकाबले में यूएस नगर ने यूएस नगर की दूसरी टीम को पराजित किया। युगल में चमोली ने यूएस नगर को हराया। अंडर- 19 एकल में बागेश्वर ने देहरादून व नैनीताल ने बागेश्वर को पराजित किया। युगल में बागेश्वर ने देहरादून व टिहरी ने यूएस नगर को हराया।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को अंडर-19 टिहरी- बागेश्वर, अंडर-17 बागेश्वर- यूएस नगर जबकि अंडर -13 बागेश्वर - टिहरी के बीच खेला जाएगा।