तहसील प्रशासन ने खंडाह में श्रीनगर-पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक व्यक्ति की ओर से किया गया अतिक्रमण हटवा दिया। वहीं, एसडीएम ने तहसीलदार और लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग को सर्वेक्षण कर पांच दिन के भीतर अतिक्रमण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि नगर निगम सहित ग्रामीण क्षेत्रों में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्र्रीय राजमार्ग, पौड़ी-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग, नालों, केसरहिंद भूमि और वन क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जा कर सड़कों और नालों को संकरा कर दिया है। यहां तक कि सिंचाई गूल और पेयजल टैंकों पर भी अतिक्रमण हो गया है। जहां प्रशासन ने पूर्व मेें अतिक्रमण हटाया था, वहां दोबारा से अतिक्रमण हो गया है।
अवैध कब्जों से नाखुश जिलाधिकारी पौड़ी डॉ. विजय जोगदंडे ने पिछले दिनों उपजिलाधिकारियों को अतिक्रमण हटाने और संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्रीनगर अजयवीर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली थी कि खंडाह में एक व्यक्ति ने किसी व्यक्ति की नापलैंड और एनएच की जमीन में अतिक्रमण किया हुआ है, जिस पर शनिवार को अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर एनएच की भूमि में बनाई गई सीढ़ियां तुड़वा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि तहसीलदार और पीडब्लूडी के अधिकारियों को सर्वेक्षण के लिए कहा गया है। अतिक्रमण की रिपोर्ट मिलने के बाद हटाने की कार्रवाई की जाएगी।