विकास खंड कीर्तिनगर के सौडू-जाखी-गवाणा मोटर मार्ग के एलाइनमेंट पर किए गए अवैध निर्माण को अब शीघ्र ही हटा दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे लोनिवि के ईई ने स्थलीय निरीक्षण कर एलाइनमेंट पर किए गए मिलन केंद्र के निर्माण को अवैध बताया। कहा कि मिलन केंद्र के निर्माण से मोटर मार्ग निर्माण कार्य अवरुद्ध हो रहा है।
डागर क्षेत्र के सौडू, जाखी, गवाणा, पिलखी आदि गांवों को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए शासन की ओर से मई 2021 में करीब पांच किमी मोटर मार्ग स्वीकृत किया गया था, जिसके बाद विभाग ने मार्ग का एलाइनमेंट के बाद निविदाएं जारी कर निर्माण शुरू करवा दिया, लेकिन विकास खंड कीर्तिनगर की ओर से मार्ग के एलाइनमेंट पर विधायक निधि से मिलन केंद्र का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। करीब दो किमी मोटर मार्ग का निर्माण होने के बाद अब मार्ग के निर्माण में मिलन केंद्र रोड़ा बन चुका है।
सोमवार को मौके पर पहुंचे लोनिवि के ईई डीपी आर्य ने मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। मार्ग के एलाइनमेंट पर मिलन केंद्र का निर्माण होने से मोटर मार्ग के आगे का कार्य बाधित हो चुका है। एलाइनमेंट पर अवैध निर्माण होने से मशीनें आगे नहीं बढ़ पा रही है, जबकि इस संबंध में जनवरी से कार्यदायी एजेंसी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अवैध निर्माण नहीं हटाया है। आर्य ने बताया कि मंगलवार को कार्यदायी एजेंसी को अंतिम नोटिस जारी किया जाएगा। अगर 15 दिनों के अंदर अवैध निर्माण नहीं हटाया गया, तो मशीन लगाकर ध्वस्त किया जाएगा। जिससे मार्ग का आगे निर्माण हो सके। इस मौके पर उनके साथ सहायक अभियंता अश्वनी यादव व ठेकेदार आदि मौजूद थे।