देवप्रयाग संगम में गंगा पूजन करते मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा
- फोटो : SHRINAGAR
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा व उनकी पत्नी नीलू चंद्रा ने संगम नगरी में गंगा की पूजा-अर्चना और रघुनाथ के दर्शन किए। इस मौके पर उन्होंने नक्षत्र वेधशाला का भ्रमण कर वहां संग्रहित प्राचीन धरोहरों को ज्ञान का खजाना बताया।
सोमवार को पत्नी संघ तीर्थनगरी पहुंचे भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा का बदरीनाथ तीर्थ पुरोहित समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर देश और दुनियां की सुख शांति के लिए उन्होंने संगम स्थल पर गंगा की पूजा-अर्चना की, जिसके बाद भगवान रघुनाथ के दर्शन कर नक्षत्र वेधशाला पहुंचे चंद्रा ने यहां संग्रहित प्राचीन धरोहर व ग्रंथों को ज्ञान का महत्वपूर्ण खजाना बताया। ज्योतिष का ज्ञान रखने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ने यहां स्व. आचार्य जोशी द्वारा निर्मित देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्म कुंडली का भी विश्लेषण किया। साथ ही प्राचीन भृगु संहिता, 1620 की वास्तु शिरोमणि, प्रदीप रामायण, एक पृष्ठ पर अंकित गीता, पीपल के पत्तों पर बनी कला कृतियां, सूर्य घटी, जल व धुव्र घटी सहित विदेशी दूरबीनों को देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। नक्षत्र वेधशाला के प्रमुख आचार्य भास्कर जोशी ने शाल ओढ़ाकर उनका और उनकी पत्नी का स्वागत कर उन्हें समस्याओं के बारे में बताया। उनके साथ एसडीएम कीर्तिनगर सोनिया पंत, एसडीएम देहरादून आकांक्षा वर्मा, तहसीलदार सुनील राज, मानवेंद्र व तीर्थ पुरोहित श्रीकांत बडोला, रजनीश मोतिवाल, शुभ्रांशु जोशी आदि मौजूद थे।