लोगों को प्राकृतिक स्रोत और हैंडपंप से करनी पड़ रही पेयजल आपूर्ति
श्रीनगर। बिजली लाइन में आए फॉल्ट के चलते शहर में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे लाइन में फॉल्ट आने से बांसवाड़ा, एजेंसी मोहल्ला, ब्राह्मण मोहल्ला, डाक बंगला समेत कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय निवासी संगीता डोभाल, यशोदा भंडारी, विनय कुमार, सुनील ने बताया कि पिछले तीन दिन से पेयजल की आपूर्ति बाधित हो रही है।
शनिवार और रविवार को शाम के समय पानी की आपूर्ति नहीं हुई। लोगों ने किसी तरह काम चलाया, लेकिन सोमवार सुबह करीब आठ बजे पानी और बिजली दोनों एक साथ गुल हो गए। बिना पानी और बिजली के लोगों को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। लोगों को हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोत से पानी की आपूर्ति करनी पड़ी।
लोगों का अधिकांश समय पानी की व्यवस्था करने में ही बीत जाता है। जल संस्थान की अवर अभियंता पूजा धनाई ने बताया कि क्षेत्र में 1000 और 950 केएलवी टैंक से पानी की सप्लाई की जाती है। पेयजल लाइन मरम्मत के चलते शनिवार और रविवार को पेयजल आपूर्ति शाम को बंद रही, लेकिन सोमवार सुबह को बिजली लाइन में फॉल्ट आने से पानी पंप नहीं हो पाया। इससे टैंक तक पानी नहीं पहुंच पाया। ऐसे में पेयजल आपूर्ति बाधित रही। अब फाल्ट ठीक कर लिया गया है। जिससे पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।