पौड़ी। अब कोई पेशेवर शिकारी नरभक्षी को शूट नहीं कर पाएगा। वन विभाग के रेगुलर या सेवानिवृत्त कार्मिकों के साथ ही पुलिस को ही इसकी इजाजत होगी। नई गाइडलाइन के अनुसार यह परिवर्तन हुआ है। मंशा यह है कि किसी भी गुलदार को मारने के बजाय केवल नरभक्षी को ही मारा जाए।
विज्ञापन
दरअसल विभागीय सूत्राें की मानें तो कई राज्यों में नरभक्षी के बजाय दूसरे गुलदारों को कई बार शिकारी दल ने मार गिराया है जिससे समस्या का समाधान तो नहीं हुआ लेकिन नरभक्षी ने एक और व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। वहीं नरभक्षी के बजाय कोई और गुलदार ढेर हो गया। इस पर गुलदार को मारने के लिए अब बाहरी शूटर के बजाए विभागीय कार्मिकों पर भरोसा जताया जा रहा है। वहीं करीब 16 सालों से नरभक्षियों को ढेर करने वाले शिकारी जाॅय हुकिल की मानें तो नरभक्षी गुलदार या बाघ को मारना चुनौतीपूर्ण होता है। पहले तो नरभक्षी की पहचान करना ही पेचीदा है। साथ ही कोई दूसरा गुलदार शूट न हो इसके लिए भी कई दिनों का अध्ययन जरूरी है। जॉय ने दावा किया कि पिछले दस सालों में उन्हाेंने एक भी गैर नरभक्षी का शिकार नहीं किया। संवाद