एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शोध एवं स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं का संचालन होने के बावजूद बसें नहीं चलने पर जय हो छात्र संगठन ने रोष जताया है। जय हो के सदस्यों ने विवि के डीएसडब्लू (अधिष्ठाता छात्र कल्याण) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र बसों के संचालन करने की मांग की।
सोमवार को बिड़ला परिसर के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत, जय हो के सदस्य सुधांशु थपलियाल, कैवल्य जखमोला, अमित बुटोला, दीपक राणा, सौरभ, कौशल और वीरेंद्र बिष्ट ने डीएसडब्लू को ज्ञापन देते हुए कहा कि बिड़ला परिसर श्रीनगर और चौरास में संचालित होता है। दोनों में काफी दूरी होने की वजह से छात्र-छात्राओं के आवागमन के लिए विवि की ओर से बसों का संचालन किया जाता है। वर्तमान सत्र में अभी तक बसों का संचालन शुरू नहीं किया गया है, जबकि पीजी कक्षाओं के परिसर खोल दिए गए हैं। इसके अलावा सोमवार से स्नातक (यूजी) तृतीय सेमेस्टर की ऑफलाइन पढ़ाई भी शुरू हो गई है। बसों का संचालन न होने से छात्र-छात्राओं को आवागमन में दिक्कत हो रही है।