ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंतगांव के समीप गिरा मलबा और बोल्डर
- फोटो : SHRINAGAR
तेज बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे तोता घाटी समेत लगभग 18 स्थानों पर पुश्ता धंसने और मलबा गिरने से बदहाल हो गया है। यहां जगह-जगह राजमार्ग पर बोल्डर, पेड़ और मलबा गिरा हुआ है। गनीमत यह रही कि शुक्रवार शाम को राजमार्ग खुलने पर जगह-जगह फंसे वाहन गंतव्य को रवाना कर दिए गए थे।
वर्तमान में बदरीनाथ हाईवे की हालत तपोवन से देवप्रयाग के बीच बेहद खराब है। यहां जगह-जगह मलबा गिर रहा है। इसे देखते हुए शुक्रवार को टिहरी प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद राजमार्ग पर सिर्फ फंसे वाहन ही गुजारे गए। शुक्रवार रात करीब 60 किमी क्षेत्र में राजमार्ग बारिश होने से जगह-जगह मलबे से पट गया। थाना प्रभारी महिपाल रावत ने बताया कि तोताघाटी में सड़क धंस गई है। इसके अलावा 18 स्थानों पर मलबा गिरा हुआ है। पुलिस ने राजमार्ग पर स्थानीय स्तर पर आवाजाही करने वाले लोगों से जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। इधर, पीडब्लूडी राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता बलराम मिश्रा ने बताया कि सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा गिरा हुआ है। मलबा हटाने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।