कीर्तिनगर तहसील के सारकेणा गांव में महिला पर हथियार से हमले का मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर हो गया है। रेगुलर पुलिस ने विवेचना शुरू करते हुए चोट और गाली-गलौज की धाराएं जोड़ दी हैं।
राजस्व पुलिस क्षेत्र सिरसेट के सारकेणा गांव की रूपा देवी मायके में रहती हैं। उन्होंने 19 अगस्त को एक परिवार के चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसके अनुसार, 18 अगस्त की शाम वह अपने बगीचे में अखरोट तोड़ने गई थी। इसी दौरान बलवीर सिंह, उसकी पत्नी पुष्पा देवी और दोनों बेटों ने घेरते हुए दरांती से उसके सिर पर हमला कर दिया। रूपा देवी की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला संबंधी मामला देखते हुए राजस्व पुलिस ने प्रशासन से इस मामले को रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर करने का अनुरोध किया था। इसपर यह केस कोतवाली कीर्तिनगर को ट्रांसफर हो गया। कोतवाल कीर्तिनगर रविंद्र यादव ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। इस प्रकरण में पूछताछ की गई है।