शहर के युवा आर्यन कंडारी ने नॉर्थ इंडिया पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के सब जूनियर वर्ग में दो गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। अब वह इंटरनेशनल पावर लिफ्टिंग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। आर्यन इससे पूर्व गत नवंबर माह में हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग डेड लिफ्ट में सिल्वर मेडल प्राप्त कर चुके हैं।
जिला उद्योग एवं व्यापार मंडल के अध्यक्ष वासुदेव कंडारी के होनहार पुत्र आर्यन ने 18 दिसंबर को हरिद्वार में संपन्न नॉर्थ इंडिया पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में परचम लहराया है। उन्होंने पावर लिफ्टिंग में होने वाली स्पर्धा डेड लिफ्ट में 237.5 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल झटका। उन्हाेंने दूसरा गोल्ड मेडल 107.5 किलोग्राम भार उठाकर हासिल किया। दो गोल्ड हासिल करने के बाद आर्यन का चयन इस्तांबुल (तुर्की) में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस सफलता पर शहर के व्यापारियों ने वासुदेव और आर्यन को बधाई दी है। व्यापार संघ के जिला महामंत्री दिनेश पंवार, जयदीप रावत, आनंद भंडारी व दिन्नू पंवार ने उम्मीद जताई कि आर्यन अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में भी नाम कमाएंगे।